November 12, 2026 8:42 PM

उत्तराखंड को आईआईएसईआर और आयुर्वेद संस्थान की सौगात की उम्मीद, तीन प्रस्तावों पर केंद्र का सकारात्मक रुख, CM ने जताया आभार

देहरादून। उत्तराखंड में उच्च शिक्षा, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उठाए गए इन प्रस्तावों में राज्य में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान और उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग शामिल है।

भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि भविष्य में केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के दौरान इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अक्टूबर 2026 में केंद्र से उत्तराखंड में इस संस्थान की स्थापना का अनुरोध किया था। केंद्रीय मंत्री ने पत्र में राज्य में पहले से संचालित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर का उल्लेख किया है। साथ ही इन संस्थानों को मजबूत करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विकसित करने की बात कही है।

उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के प्रस्ताव पर भी केंद्र ने विचार का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में यह मांग केंद्र के सामने रखी थी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पत्र में बताया कि पिछले 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

किच्छा के खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव पर भी केंद्र ने प्रक्रिया के तहत विचार करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में यह प्रस्ताव भेजा था। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने पत्र में बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा के बाद सभी पात्र राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। उत्तराखंड सरकार का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है, जिस पर निर्धारित प्रक्रिया और मानकों के अनुसार विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से राज्य में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और सड़क ढांचे को मजबूती मिलेगी।

Related Posts