November 11, 2026 1:08 PM

नवंबर में अप्रैल जैसी गर्मी, देहरादून में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा

देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर के महीने में भी गर्मी का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आमतौर पर इस समय सर्दी बढ़ने लगती है, लेकिन चटख धूप और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को गर्मी का अहसास करा दिया है। देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिनभर तेज धूप खिल रही है। दोपहर के समय अप्रैल जैसी तपिश महसूस हो रही है।

मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही नवंबर में अधिकतम तापमान का 10 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले दो नवंबर 2016 को भी दून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार का तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

साफ आसमान से बढ़ रही दिन की तपिश

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में ट्रफ के रूप में मौजूद है, लेकिन इसका उत्तराखंड पर सीमित प्रभाव है। राजस्थान के आसपास चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर प्रदेश से तटीय आंध्र प्रदेश तक फैला ट्रफ भी प्रदेश में व्यापक बादल या बारिश की परिस्थितियां नहीं बना रहा है।

आसमान साफ रहने के कारण सूर्य की किरणें सीधे धरातल तक पहुंच रही हैं, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने और दिन में तपिश बरकरार रहने के आसार हैं। नवंबर में तापमान का इस स्तर तक पहुंचना मौसम के असामान्य मिजाज को दर्शाता है।

Related Posts