November 5, 2026 9:16 PM

अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का धामी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, कल आएंगे शाह

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हों।

धामी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। सुरक्षा और यातायात के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्तों के साथ पार्किंग स्थलों की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने दायित्व स्पष्ट रखने और नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का सुचारु और सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts