रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के गांधी पार्क में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने, देश में भ्रम और अराजकता फैलाने तथा सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
धामी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी स्थिति ‘नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी हो गई है। जनता ने कांग्रेस को असली संसद से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा है।
दिल्ली की रैली को लेकर कांग्रेस पर सवाल
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद भी रैली आयोजित की जा सकती थी, लेकिन व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज कर बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कार्यक्रमों से व्यापारियों को नुकसान हुआ और अराजकता का माहौल बनाया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो जनता के लिए खतरनाक साबित होती है और सत्ता से बाहर रहने पर देश के लिए खतरा बन जाती है।
सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना के शौर्य पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों और उनके परिवारों का अपमान है।
सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई का सबूत मांगते हैं तो कभी देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं को अपने युवराज की बातें पसंद नहीं आतीं तो उन्हें उन बातों का विरोध करना चाहिए।
खटीमा और रामपुर तिराहा कांड का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे। वहीं, उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हुई थीं। धामी ने इसके लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए रामपुर तिराहा कांड के जख्म आज भी ताजा हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर उनका अपमान किया है। उन्होंने खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे जिहादी और उन्मादी नारों पर चुप्पी साधने का आरोप भी लगाया।
धामी ने विपक्ष पर अपनी सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देने और गलत मानसिकता के प्रदर्शन पर चुप रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा दिया। कांग्रेस को न्याय यात्रा के बजाय अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी विपक्ष के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध और भ्रम फैलाना रह गया है। राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब यह दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है और जनता ने उसे बार-बार नकारा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को प्रदेश में वापसी का मौका नहीं देने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में औद्योगिक स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं दूर हुई हैं।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका
जनसभा के दौरान अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे एक युवक को पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। आरोप है कि पुलिस ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोकते हुए बाहर धकेल दिया। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामला सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी बात सुनने का प्रयास किया।
गांधी पार्क से निकली पदयात्रा
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मुख्य बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया।








