October 19, 2026 3:45 AM

हिमालय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकलेगी तुंगनाथ मैराथन, 31 अक्टूबर से जागरूकता मशाल यात्रा

रुद्रप्रयाग। हिमालय संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तृतीय केदार श्री तुंगनाथ महादेव तपोभूमि न्यास की ओर से तुंगनाथ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत 31 अक्टूबर 2026 को तुंगनाथ धाम से मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्थल तक जागरूकता मशाल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में दोपहिया वाहनों के माध्यम से पर्यावरण और हिमालय संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

न्यास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य हिमालय और बुग्यालों का संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा आने वाली पीढ़ियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करना है। अभियान की प्रेरणा वर्ष 1730 में राजस्थान के जोधपुर स्थित खेजड़ली में वृक्षों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाली अमृता देवी और 363 पर्यावरण रक्षकों के त्याग एवं समर्पण से ली गई है।

दिल्ली तक पहुंचेगा संरक्षण का संदेश

अभियान के अगले चरण में एक नवंबर 2026 को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा शहीद स्थल से नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट तक तुंगनाथ मैराथन के माध्यम से पर्यावरण एवं हिमालय संरक्षण का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस दौरान जनभागीदारी के साथ मैराथन पूरी करने की योजना है।

न्यास ने लोगों से अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से हिमालय और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा तथा प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Related Posts