October 17, 2026 3:56 AM

उत्तराखंड पुलिस में महिला आरक्षियों के पद 526 से बढ़कर होंगे 2000, मुख्यमंत्री धामी ने दी मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड में महिला पुलिस कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इस फैसले से पुलिस बल में महिला आरक्षियों के लिए पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।

बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के होगा समायोजन

इस प्रस्ताव पर कार्मिक विभाग ने कुछ शर्तों के साथ सहमति दी है। इसके अनुसार, कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना और सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बगैर व्यवस्था की जाएगी। वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराना होगा।

सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य महिला आरक्षियों के समायोजन की व्यवस्था करने के साथ ही उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करना भी है।

पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। लाभकारी प्रस्तावों को समय पर मंजूरी देकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Posts