देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इसके साथ ही पूर्णकालिक विस्तारकों के कामकाज में समन्वय स्थापित करने के लिए प्रदेश संयोजक और सह-संयोजकों की टोली भी गठित की गई है। पार्टी का जोर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने पर है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां की गई हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज के अनुसार, नियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और संगठन की मजबूती के लिए काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नलिन भट्ट बने विस्तारक योजना के प्रदेश संयोजक
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में विस्तारक योजना को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट को योजना का प्रदेश संयोजक बनाया गया है, जबकि दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह टोली सभी 70 पूर्णकालिक विस्तारकों के कामकाज में समन्वय स्थापित करेगी।
योजना के तहत पूर्णकालिक विस्तारक अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे। वे बूथ समितियों के साथ तालमेल बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और पार्टी के कार्यक्रमों को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने पर ध्यान देंगे। भाजपा की कोशिश है कि चुनाव की घोषणा से पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचा मजबूत और जिम्मेदारियों का बंटवारा स्पष्ट हो जाए।
काशीपुर में आज से दो दिवसीय कार्यशाला
विस्तारक योजना को गति देने के लिए भाजपा ने 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों और प्रभारियों को संगठनात्मक कामकाज तथा चुनावी तैयारियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यशाला में बूथ समितियों की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक समीकरणों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा होगी। प्रशिक्षण के बाद विस्तारक अपने निर्धारित क्षेत्रों में प्रवास कर चुनाव तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।
गढ़वाल से कुमाऊं तक विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय
जारी सूची के अनुसार, उत्तरकाशी जिले की पुरोला, यमुनोत्री और गंगोत्री विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी डॉ. मनवीर सिंह विधाणा, जगत सिंह चौहान और जगमोहन चंद को दी गई है। चमोली जिले की बदरीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग सीटों के लिए रामचंद्र गौड़, विनोद नेगी और ऋषि प्रसाद सती को प्रभारी बनाया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ की जिम्मेदारी वाचस्पति सेमवाल और रुद्रप्रयाग सीट की जिम्मेदारी समीर मिश्रा को सौंपी गई है।
टिहरी जिले की घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी और धनोल्टी सीटों के लिए क्रमशः राजेंद्र जुयाल, चंद्र किशोर मैठाणी, खेम सिंह चौहान, जोत सिंह बिष्ट, सते सिंह राणा और सीताराम भट्ट को जिम्मेदारी दी गई है।
देहरादून जिले की चकराता, विकासनगर और सहसपुर सीटों के लिए बचन सिंह पंवार, आशीष रावत और मधु भट्ट को प्रभारी बनाया गया है। वहीं धर्मपुर, रायपुर, राजपुर रोड, देहरादून कैंट और मसूरी सीटों की जिम्मेदारी अरुण मित्तल, ओपी कुलश्रेष्ठ, अभिषेक शाही, भुवन विक्रम डबराल और विनय गोयल को सौंपी गई है। डोईवाला और ऋषिकेश सीटों के लिए अनुराधा वालिया और रविंद्र वाल्मीकि को जिम्मेदारी मिली है।
हरिद्वार जिले की हरिद्वार, रानीपुर, ज्वालापुर, लक्सर और हरिद्वार ग्रामीण सीटों के लिए गोविंद अग्रवाल, शोभाराम प्रजापति, महेंद्र काला, नितिन गौतम और विशाल गुप्ता को प्रभारी नियुक्त किया गया है। रुड़की जिले की भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, रुड़की, खानपुर और मंगलौर सीटों के लिए हरजीत सिंह, सुशील चौहान, अजय टांक, संदीप गोयल, डॉ. जयपाल चौहान और श्यामवीर सैनी को जिम्मेदारी दी गई है।
पौड़ी जिले की पौड़ी, श्रीनगर और चौबट्टाखाल सीटों के लिए मेहरबान सिंह रावत, विजय कपरवाण और दर्शन दानू को प्रभारी बनाया गया है। कोटद्वार जिले की यमकेश्वर, लैंसडाउन और कोटद्वार सीटों की जिम्मेदारी गिरीश डोभाल, सुमन कोटनाला और सुरेंद्र मोधा को सौंपी गई है।
कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर, अल्मोड़ा और जागेश्वर सीटों के लिए दीप भगत, देवेंद्र सिंह दैला और ललित सिंह दोसाद को प्रभारी बनाया गया है। रानीखेत जिले की द्वाराहाट, सल्ट और रानीखेत सीटों की जिम्मेदारी प्रेम बड़सुंगा, ललित लटवाल और इंद्र सिंह फरस्वाण को दी गई है।
पिथौरागढ़ जिले की धारचूला, डीडीहाट, पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट सीटों के लिए सुरेश जोशी, राजेंद्र रावत, दीपक कार्की और लोकेश भट्ट को प्रभारी बनाया गया है। बागेश्वर जिले की कपकोट और बागेश्वर सीटों की जिम्मेदारी बसंत जोशी और गोविंद सिंह दानू को दी गई है। चंपावत जिले की लोहाघाट और चंपावत सीटों के लिए श्याम नारायण पांडे और सुभाष बगोली को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नैनीताल जिले की लालकुआं, भीमताल, नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी और रामनगर सीटों की जिम्मेदारी कौशिक नंदन जोशी, गोपाल रावत, मोहन अग्रवाल, कमल नयन जोशी, अरविंद पांडेय और सचिन शाह को सौंपी गई है। काशीपुर जिले की जसपुर, काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर सीटों के लिए गिरीश चंद्र तिवारी, मनवीर अग्रवाल, राम मेहरोत्रा और सरदार मंजीत सिंह को प्रभारी बनाया गया है।
ऊधमसिंह नगर जिले की रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा सीटों की जिम्मेदारी दान सिंह रावत, अनिल चौहान, विजय मंडल, दीपक मेहरा और रामपाल को दी गई है।
भाजपा की इन नियुक्तियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य है कि विधानसभा प्रभारी, पूर्णकालिक विस्तारक और बूथ स्तर के कार्यकर्ता समन्वय के साथ काम करें, ताकि चुनावी तैयारियों को समय रहते गति दी जा सके।







