October 4, 2026 6:00 PM

बनबसा में हुई कैबिनेट की बैठक पर कांग्रेस का हमला, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोदियाल ने बताया मजाक

देहरादून। चंपावत के बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में हुई धामी सरकार की कैबिनेट बैठक को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे मजाक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कार्यकाल के करीब दस साल बाद जिलों में कैबिनेट बैठक करने की याद आई है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ऐसी बैठकों को इस मायने में उचित मानती है कि जहां भी कैबिनेट की बैठक हो, वहां की जनता सरकार से सवाल करे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नौकरियों की कथित बिक्री के मामले सामने आए हैं और जनता को सरकार से यह पूछना चाहिए कि कैबिनेट में शामिल कौन से मंत्री पर ऐसे आरोप हैं।

उन्होंने जनता से मांग उठाने का आह्वान किया कि कथित तौर पर नौकरियों की बिक्री से जुड़े मामलों में जिम्मेदार लोगों को चिन्हित किया जाए। गोदियाल ने दावा किया कि भाजपा नेताओं की ओर से भी इस संबंध में लिखित बातें सामने आ चुकी हैं।

आय से अधिक संपत्ति और अंकिता प्रकरण पर भी सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को कैबिनेट बैठकों के बाहर सरकार से यह पूछना चाहिए कि किन लोगों पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप हैं और सरकार संबंधित मामलों में मुकदमा चलाने की अनुमति क्यों नहीं दे रही है।

गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार से पूछना चाहिए कि इस मामले में सीबीआई जांच आगे क्यों नहीं बढ़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को इन सवालों का जवाब जनता के सामने देना चाहिए। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच उठाती रहेगी और सरकार से जवाब मांगती रहेगी।

Related Posts