देहरादून। उत्तराखंड में पंचायतों के खाली पदों को भरने के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3922 पदों पर चुनाव होगा। इन पदों के लिए 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
ग्राम पंचायत सदस्य के 3890 पद
आयोग के अनुसार उपचुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के 3890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में 2025 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे। चुनाव के बाद अलग-अलग कारणों से खाली रह गए पदों को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नामांकन
उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 4 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
5 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
तैयारियों में जुटा प्रशासन
उपचुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद जिला स्तर पर निर्वाचन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।





