September 30, 2026 4:25 PM

माँ ने नवजात को फेंका कुएं में, सांप ने बचा ली जान ! मामला जानकर हर कोई हैरान…

बदायूं: बदायूं के फैजगंज बेहटा इलाके में एक नवजात बच्चे को किसी ने 20 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। रातभर सांप उसके शरीर से लिपटे रहे। हैरत की बात यह है कि 20 फीट नीचे गिरने और सांप लिपटे रहने के बाद भी मासूम पूरी तरह सुरक्षित है। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने उसके रोने की आवाज सुनी तो बच्चे को कुएं से निकाला गया। उसे आसफपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल नवजात स्वस्थ है।

जाको राखे सांईयां मार सके न कोय… यह कहावत फैजगंज बेहटा इलाके में चरितार्थ हुई है। क्षेत्र के बसोमी गांव की सोमवती का गांव से करीब आधा किमी दूर खेत है। वह शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अपने खेत पर फसल देखने पहुंची थीं। उसके खेत में वर्षों पुराना एक कुआं है। हालांकि कुंए का पानी सूख चुका है। अब वहां आसपास खेलने वाले बच्चे अक्सर कुएं में ईंट-पत्थर फेंकते रहते हैं। उस कुएं में कई सांपों ने भी अपना बसेरा बना लिया है। इससे कोई उसमें घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।

सुबह सोमवती जब उस कुएं के नजदीक से गुजरीं। उन्होंने बच्चे के रोने आवाज सुनी। जब उन्होंने गौर से देखा तो उसमें एक नवजात पड़ा था। यह देखकर उन्होंने गांव के लोगों को सूचना दी, जिससे कुछ ही देर में तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पर एसओ फैजगंज बेहटा सिद्धांत शर्मा पहुंच गए। कुछ लोग हिम्मत जुटाकर कुएं में घुसे।


सांप ने मुंह दबा रखी थी नाल 

ग्रामीणों के अनुसार, कुएं में एक सांप ने बच्चे का नाल अपने मुंह से पकड़ रखा था। तुरंत एक नया ब्लेड मंगाया गया। नाल काटकर सांप को उससे अलग किया गया। बच्चे को बाहर निकालकर आसफपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसे भर्ती करा दिया गया। आसफपुर स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. ईशान खान ने बताया कि बालक पूरी तरह स्वस्थ है। चाइल्ड लाइन को इसकी सूचना दे दी गई है।

गोद लेने वालों की लाइन लगी

बसोमी गांव में बच्चे के मिलने के बाद ग्रामीण उस मां को कोसते रहे, जिसने जन्म देते हुए बच्चे को कुंए में डाल दिया। हालांकि ग्रामीण भगवान का शुक्रिया भी अदा कर रहे थे कि उसकी जान बच गई। अब उसे गोद लेने वालों की लाइन लग गई है। सोमवती ही उसे गोद लेना चाहती है। सोमवती का कहना है कि उसके दो बेटे हैं, लेकिन उसके दोनों बेटों पर कोई बेटा नहीं है। उनके बेटियां ही हैं।

थाना फैजगंज बेहटा के एसओ सिद्धांत शर्मा ने कहा कि बसोमी गांव में एक कुएं में नवजात बालक मिला है। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बालक को कुएं में किसने फेंका था, इसकी जांच कराई जा रही है, जल्द ही इसका पता लगा लिया जाएगा।

साभार- अमर उजाला

Related Posts