October 9, 2026 3:18 AM

बेरहम बनी माँ, होमवर्क भूली 5 साल की बेटी, तो तपती दोपहर में हाथ-पैर बांधकर छत पर लिटाया…

नई दिल्ली। दिल्ली की एक बेरहम मां ने अपनी पांच साल की बेटी पर कहर ढ़ाया। बच्ची ने होमवर्क नहीं किया था। इस बात से नाराज मां ने उसके हाथ-पैर बांधे और तपती छत पर डाल दिया। भरी दोपहर में छत तबे की तरह गर्म थी। बच्ची का शरीर जल रहा था और वह दर्द के मारे तड़प रही थी, चीख रही थी और मां-मां कहकर बख्श देने की गुहार लगा रही थी, लेकिन उस निर्दयी मां को रहम नहीं आई।

बच्ची काफी देर तक तड़पती रही। वह खुद को छत से ऊपर उठाने की कोशिश करती ताकि जलने से बच सके, लेकिन पीछे की ओर कर बांधे गए हाथ के चलते ऐसा नहीं कर पा रही थी। काफी देर तक वह इसी तरह छटपटाती रही फिर बेसुध होकर एक ओर लुढ़क गई। घटना के 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

5-7 मिनट तक बच्ची को छत पर रखा

वीडियो वायरल हुआ तो दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि घटना तकमीरपुर के खाजुरी खास इलाके में घटी। पुलिस आरोपी मां के घर पहुंची और उससे पूछताछ की। मां ने बताया कि होमवर्क नहीं करने पर उसने अपनी बेटी को सजा दिया था। उसने 5-7 मिनट तक बच्ची को छत पर रखा फिर नीचे ले आई। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आरोपी मां के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया कि एक घर की छत पर बंधी बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसकी पहचान और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए। बच्ची की मां पहचानी गई और उचित कार्रवाई शुरू की गई। बता दें कि दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है।

Related Posts