June 1, 2026 10:46 PM

सेरेब्रल पाल्सी को दी मात, अनुराग रावत ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में पूरी की 10 किमी दौड़

चमोली। जहां कई लोग सामान्य परिस्थितियों में भी हार मान लेते हैं, वहीं 25 वर्षीय अनुराग रावत ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और साहस से एक नई मिसाल कायम की है। सेरेब्रल पाल्सी जैसी चुनौतीपूर्ण दिव्यांगता के बावजूद अनुराग ने चमोली जिले की दुर्गम नीति घाटी में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में 10 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर सबका दिल जीत लिया।

31 मई से 2 जून तक आयोजित इस एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन में अनुराग ने करीब 1 घंटा 45 मिनट में दौड़ पूरी की। ऊंचे पहाड़, कठिन रास्ते और सीमित ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच उनका प्रदर्शन प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।

पौड़ी जिले के मूल निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग रावत ने साबित कर दिया कि मजबूत हौसले और दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। आयोजन की थीम बियॉन्ड लिमिट्स, बियॉन्ड द कैन्यन” को उन्होंने अपने प्रदर्शन से साकार कर दिखाया।

अनुराग ने कहा कि सीमाएं केवल इंसान के दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह कई खेल और साहसिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।

देश के 27 राज्यों से पहुंचे 1200 से अधिक प्रतिभागियों के बीच अनुराग की उपलब्धि चर्चा का केंद्र रही। उनकी इस सफलता ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती, बल्कि आत्मविश्वास और मेहनत से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

अनुराग रावत का यह प्रदर्शन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की ऐसी कहानी बन गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Related Posts