देहरादून: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच उत्तराखंड की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चुनावी परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बदलाव प्रकृति का शाश्वत नियम है और यही बदलाव अब उत्तराखंड में भी देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में परिवर्तन स्वाभाविक है और समय-समय पर जनता बदलाव का निर्णय लेती है। गोदियाल ने केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वहां लंबे समय के बाद सत्ता परिवर्तन संभव है, तो उत्तराखंड में भी ऐसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने पहले ही सरकार बनाने का दावा नहीं किया था, इसलिए उस पर ज्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं है। वहीं असम के परिणामों पर पार्टी को आत्ममंथन करने की जरूरत जरूर है।
गोदियाल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से मिले संकेत बताते हैं कि जनता बदलाव चाहती है और उत्तराखंड में भी यही रुझान देखने को मिलेगा।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी चुनावी नतीजों के बाद जनता से सीधे संवाद बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वे 15 मई से प्रदेशभर में दौरा कर लोगों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं को समझेंगे।
कांग्रेस नेताओं के इन बयानों से साफ है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अब जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।





