देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुरपिया स्थित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर के विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष निगरानी बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1002 एकड़ भूमि पूरी तरह संबंधित संस्था के कब्जे में है और स्थल पर फिलहाल कोई बाधा नहीं है। परियोजना के विकास के लिए 20 मार्च 2026 को अनुबंध हो चुका है तथा निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। कुल 24.1 किलोमीटर मार्गाधिकार को साफ कर ठेकेदार को उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुरपिया औद्योगिक क्लस्टर की सफलता के लिए सड़क और विद्युत जैसी बाहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। नागला-किच्छा राज्य राजमार्ग-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को चार लेन करने तथा 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। परियोजना से जुड़े ट्रंक ढांचे को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुरपिया औद्योगिक क्लस्टर उत्तराखंड में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का प्रयास है कि परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर मिलें तथा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो।






