November 24, 2026 11:07 AM

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस का सरकार पर निशाना, गोदियाल बोले- चुनाव से पहले याद आई मातृशक्ति

देहरादून। बैणी-भुली योजना को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार को चुनाव से ठीक पहले मातृशक्ति की याद आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए।

गोदियाल ने कहा कि सरकारें पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं, लेकिन धामी सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात अब चुनाव से पहले कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच और दस हजार रुपये खातों में डालकर महिलाओं को लुभाने की कोशिश की जा रही है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो हर महीने आर्थिक सहायता क्यों नहीं दी गई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाने की स्थिति का जिक्र करते हुए सवाल किया कि ऐसे समय में सरकार की चिंता कहां चली जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार महिलाओं के मुद्दों को उठा रही है।

गोदियाल ने घोषणा की कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिला सम्मान निधि शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक महिला को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं केवल चुनाव के समय याद किया जाने वाला वोट बैंक नहीं हैं, बल्कि वे अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान चला रही है। अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षर 26 तारीख को लोकभवन कूच के दौरान सौंपे जाएंगे।

गोदियाल ने बिहार में महिलाओं को दी गई आर्थिक सहायता की वापसी से जुड़ी खबरों का हवाला देते हुए आशंका जताई कि कहीं उत्तराखंड में भी ऐसा कोई फार्मूला लागू न किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के समय आर्थिक सहायता देकर वोट लेने और बाद में पैसा वापस लेने की नीति अपना सकती है।

Related Posts