November 22, 2026 2:20 AM

धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपये मंजूर, कर्मचारियों को भी दी राहत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़क और पुल निर्माण, पार्किंग तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े काम शामिल हैं। इसके साथ ही कर्मचारी कल्याण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। छठे और पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने और 178 पुलिसकर्मियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

अल्मोड़ा और चंपावत में पार्किंग निर्माण

अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। वहीं, चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड पर बहुमंजिला पार्किंग और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 9.98 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में सड़क-पुलों के काम

पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड में कुसेरी बैंड से सिलौनी मोटर मार्ग के उन्नयन के लिए 1.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड में उत्तरकाशी-धनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग पर 12वें किलोमीटर में दो लेन के पुल को उच्च श्रेणी में उन्नत करने के लिए 4.09 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में डंगोली-हरवाड़-वालीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पंखू-थल-सातसिलिंग मोटर मार्ग पर तीन पुलों के उन्नयन के लिए क्रमशः 5.01 करोड़, 1.59 करोड़ और 4.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में इसी मार्ग के 127वें किलोमीटर पर पुराने पुल के स्थान पर 53 मीटर लंबा दो लेन का पुल बनाने के लिए 7.25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

टिहरी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर को भी मिली राशि

टिहरी जिले के धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 1.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी जिले के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पोखड़ा विकासखंड के कोट मल्ला से कोट तत्ला-कंडिया-कुलासु-रीठाखाल मोटर मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 3.76 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के गोविंदनगर और टैगोरनगर में सड़क पुनर्निर्माण के लिए क्रमशः 90.41 लाख और 90.61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

देहरादून और हरिद्वार में पेयजल मीटर लगेंगे

देहरादून की रायपुर शाखा और हरिद्वार शाखा के उन वार्डों में, जहां पेयजल की खपत अधिक है, घरेलू यांत्रिक जल मीटर लगाए जाएंगे। देहरादून के लिए 3.49 करोड़ और हरिद्वार के लिए 4.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा, 178 पुलिसकर्मियों को पुरानी पेंशन

मुख्यमंत्री ने छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन और भत्ते पाने वाले राज्य सरकार तथा स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता एक जुलाई 2026 से 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत करने को मंजूरी दी है। इसी तरह पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत किया जाएगा।

इसके अलावा 178 आरक्षियों, प्रांतीय सशस्त्र पुलिस और भारतीय रिजर्व बटालियन के कार्मिकों को राष्ट्रीय पेंशन योजना से पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है।

चकबंदी के लिए 100 करोड़, अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी

वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वैच्छिक और आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए नई मद खोलने और राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपये स्वीकृत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद परिसर स्थित सामुदायिक भवन का नाम पूर्व पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय सोबन सिंह नेगी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन दिया गया है। अब यह भवन ‘स्वर्गीय सोबन सिंह नेगी सामुदायिक भवन’ के नाम से जाना जाएगा।

वहीं, हरिद्वार के ग्राम सराय में भूमि खरीद से जुड़ी संभावित अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी के निलंबन की अवधि 29 नवंबर 2026 से आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।

 

Related Posts