देहरादून। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर चर्चा हुई। पूर्व में लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने और शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और जरूरत के अनुसार पुनर्निर्माण का विषय भी रखा। उन्होंने इन कार्यों को स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवागमन और सिंचाई सुविधाओं के लिहाज से जरूरी बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुराने पुलों से जुड़े कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय नागरिकों और किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
लंबित मामलों के समाधान पर जोर
दोनों मुख्यमंत्रियों ने सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से जुड़े परिसंपत्ति बंटवारे और हस्तांतरण के मामलों की प्रगति पर भी चर्चा की। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए शेष मामलों को आपसी सहमति से निस्तारित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने शेष प्रकरणों के भी जल्द निस्तारण का विश्वास जताया। धामी ने इस दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।








