November 19, 2026 12:41 AM

देहरादून के नए सीडीओ दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर

देहरादून। जनपद के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने अपने आगामी कार्यकाल के लिए पांच प्रमुख प्राथमिकताएं तय की हैं। इनमें ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन, विकास कार्यों की गुणवत्ता, शिक्षा-स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान तथा सतत एवं समावेशी विकास शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। लंबित कार्यों को तेजी से पूरा कराने के साथ गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

दीपक सैनी ने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने तथा पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने नियमित क्षेत्रीय भ्रमण और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं की समीक्षा के जरिए जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि देहरादून के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण के अनुकूल विकास, आपदा सुरक्षा और स्थानीय रोजगार सृजन पर भी ध्यान दिया जाएगा। सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से टीम भावना के साथ काम किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि विकास कार्यों का असर आम नागरिकों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

 

Related Posts