November 12, 2026 9:30 PM

जौनपुर महोत्सव में धामी का बड़ा ऐलान, थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला अस्पताल, 52.55 करोड़ की 26 योजनाओं की सौगात दी

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने सहित क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। महोत्सव में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 1,300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। झील को साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा का केंद्र बनाने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे कराए गए हैं। वहीं, दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन और डामरीकरण का काम भी पूरा किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

पलायन पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। एक जनपद, दो उत्पाद और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और नई पर्यटन नीति के माध्यम से स्थानीय आजीविका को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। सरकार अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी की बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 2.73 करोड़ रुपये और भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने तथा लोकभाषा के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Posts