November 11, 2026 2:02 PM

हरिद्वार में होगी भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति, 21 और 22 नवंबर को जुटेंगे प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति आयोजित करेगी। बैठक में पार्टी के अब तक के सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना और चुनावी रणनीति पर चर्चा कर अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि कार्यसमिति के पहले दिन 21 नवंबर को प्रदेश संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें पार्टी के अब तक संपन्न और वर्तमान में संचालित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

इसी दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति भी आयोजित की जाएगी। इसमें मोर्चों के आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर रणनीति तय की जाएगी। 21 नवंबर की शाम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी।

दूसरे दिन कार्ययोजना पर लगेगी मुहर

कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारी बैठक में तय किए गए आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना और चुनावी रणनीति को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।

बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

15 नवंबर को मसूरी में होगी अहम बैठक

प्रदेश कार्यसमिति से पहले 15 नवंबर को मसूरी में भी भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में दिसंबर में प्रस्तावित सांगठनिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Related Posts