October 25, 2026 6:04 PM

कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइ से जुड़े वायरल ऑडियो पर सीएम धामी सख्त, पुलिस को दिये जांच के आदेश

देहरादून। चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों और त्यूणी क्षेत्र के एक परिवार से जुड़े कथित वायरल ऑडियो का मामला तूल पकड़ने लगा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए शनिवार को पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परिवार को सुरक्षा और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़े मामले में बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा के इस्तेमाल तथा धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। ऑडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मधु चौहान ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

मामले में भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने भी कथित वायरल ऑडियो का उल्लेख करते हुए पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की थी। ऑडियो में कथित तौर पर त्यूणी क्षेत्र के एक व्यक्ति और उसके परिवार की बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा डराने-धमकाने की बात सामने आने के बाद विवाद बढ़ा।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अब मामले में पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी। हालांकि, वायरल ऑडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Posts