हरिद्वार। कुंभ मेले के बजट से कनखल क्षेत्र में कराए जा रहे फुटपाथ और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को लेकर भाजपा पार्षदों ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमों के पालन पर आपत्ति जताते हुए पार्षदों ने शनिवार को बंगाली मोड़ के पास लोक निर्माण विभाग के काम को रुकवा दिया। पार्षदों और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनियमितता के आरोप लगाते हुए अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा पार्षद भूपेंद्र कुमार, सचिन अग्रवाल, शुभम मेंदोला और प्रशांत सैनी का आरोप है कि उनके वार्ड में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। पार्षदों के मुताबिक, संबंधित अधिकारी मौके पर नियमित निगरानी के लिए नहीं पहुंच रहे हैं और निर्माण से जुड़े कार्यादेश की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
पार्षद भूपेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि बंगाली अस्पताल के पास नाले की लोहे की रेलिंग हटाकर फुटपाथ बनाया जा रहा है, जबकि सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कें पहले से खुदी हुई हैं। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत कराने के बजाय फुटपाथ निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।
पार्षद सचिन अग्रवाल ने कहा कि शहर में कुंभ मेले के बजट से कई स्थानों पर बिना पर्याप्त योजना के फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ फुटपाथों के बीच बिजली के खंभे और पेड़ भी आ रहे हैं, जिससे भविष्य में हादसे का खतरा बना रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय निवासी रफल सिंह चौधरी ने कहा कि कनखल क्षेत्र में कई जगह खुदाई चल रही है, लेकिन जलभराव की मूल समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
विभाग ने कहा- आपत्तियों का किया जाएगा निराकरण
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि कनखल क्षेत्र में करीब तीन किलोमीटर सड़क के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है, जिसमें करीब दो किलोमीटर लंबा फुटपाथ भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। उनके अनुसार सभी कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। विभागीय जांच के साथ ही कुंभ मेले की स्वतंत्र एजेंसी से भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
हरक सिंह रावत ने सरकार पर साधा निशाना
वहीं, हरिद्वार में आयोजित उत्तराखंड कांग्रेस के अधिवक्ता सम्मेलन में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कुंभ मेले के निर्माण कार्यों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पार्षदों का अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरना गंभीर सवाल खड़े करता है।
हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि कुंभ मेले के नाम पर हरिद्वार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कुंभ बजट में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे ‘राक्षस प्रवृत्ति’ तक बता दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे धार्मिक आयोजन के नाम पर होने वाली कथित वित्तीय अनियमितताएं लोगों की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय हैं।





