October 3, 2026 7:13 PM

दिल्ली-मेरठ नमो भारत को ऋषिकेश तक पहुंचाने की तैयारी, गंगा एक्सप्रेस-वे का हरिद्वार तक होगा विस्तार: धामी

मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल सेवा का ऋषिकेश तक विस्तार करने की योजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (आरआरटीएस) गलियारे को ऋषिकेश तक विस्तारित करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे उत्तराखंड के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्मारक में राज्य आंदोलन के बलिदानियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे का हरिद्वार तक विस्तार भी स्वीकृत हो चुका है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के कारण अब दिल्ली से देहरादून का सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और रेल संपर्क से क्षेत्र में आवागमन, पर्यटन और विकास को गति मिलेगी।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। राज्य सरकार देवभूमि की संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न कानूनों और व्यवस्थाओं पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 13 हजार एकड़ भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। मतांतरण रोकने के लिए कानून बनाया गया है और राज्य की शांति एवं संस्कृति के विरुद्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत धार्मिक आस्था के नाम पर कथित पाखंड फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने मदरसा शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मदरसा बोर्ड के स्थान पर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। इसका उद्देश्य सभी वर्गों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही।

सभा को संबोधित करते हुए मुजफ्फरनगर सदर के विधायक एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल ने दो अक्तूबर 1994 की घटना को याद किया। उन्होंने कहा कि वह उस घटना के साक्षी रहे हैं। अग्रवाल ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और उनके बलिदान का उल्लेख करते हुए आरआरटीएस गलियारे को ऋषिकेश तक विस्तारित करने की मांग से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल और राज्य मंत्री मधु भट्ट ने भी विचार रखे। इस दौरान राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मुजफ्फरनगर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, पूर्व विधायक अशोक कंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कुंभ की तैयारियां अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सरकार इसे भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए व्यवस्थाएं कर रही है। बदरीनाथ धाम में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि राज्य के पवित्र धामों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जा रही है, ताकि धार्मिक स्थलों की मर्यादा और परंपराओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।