September 6, 2026 8:10 PM

हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद: कल मुख्यमंत्री आवास कूच करेगी कांग्रेस, कुमारी शैलजा ने लिया तैयारियों का जायजा

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज होता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों का जायजा लेने रविवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा परेड ग्राउंड पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली और कांग्रेस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी शैलजा तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने के साथ ही वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा करेंगी।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस समय संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित हैं। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद शीर्ष नेतृत्व से चर्चा कर उनके कार्यक्रम तय किए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस का विरोध

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की रैली के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कांग्रेस लगातार इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है।

कुमारी शैलजा के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सहप्रभारी मनोज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राकेश राणा, कविंद्र इष्टवाल, प्रदेश सचिव अमेंद्र बिष्ट, राजेश चमोली और महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Related Posts