August 29, 2026 8:07 PM

नेपाल संकट के बीच उत्तराखंड में बढ़ी चिंता, अपनों से संपर्क टूटने पर कंट्रोल रूम में आईं छह कॉल

देहरादून। नेपाल में आई आपदा के बाद वहां गए कई लोगों से संपर्क नहीं हो पाने के चलते उत्तराखंड में उनके परिजन और परिचित चिंतित हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर पर अब तक छह कॉल प्राप्त हुई हैं, जिनमें नेपाल में लापता बताए जा रहे कुल आठ लोगों के संबंध में जानकारी दी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इन सभी सूचनाओं को गृह मंत्रालय के साथ साझा किया है।

उत्तराखंड आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिली जानकारी के अनुसार लापता बताए जा रहे आठ लोगों में तीन उत्तराखंड, दो अमेरिका, एक कनाडा और दो मुंबई के निवासी हैं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से गृह मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

मुंबई निवासी राहुल पुरोहित ने बताया कि अमेरिका में रहने वाले उनके परिचित जिगनेश मर्चेंट और तेजल मर्चेंट नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। दोनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, हरिद्वार निवासी अंकित शर्मा ने बताया कि उनके परिचित के रिश्तेदार रामरमन और एआरके रमन, जो मुंबई के रहने वाले हैं, नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे और उनसे भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।

पिथौरागढ़ के धारचूला निवासी रवि रंजन ने बताया कि मुंबई निवासी वीना कुलकर्णी नेपाल के तेमूर क्षेत्र से लापता बताई जा रही हैं। गुड़गांव निवासी निधि शर्मा ने भी अपने मित्र के पति पंकज नाथ, जो लंदन निवासी हैं, के नेपाल में आपदा के बाद लापता होने की सूचना दी है।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से कनाडा निवासी मोहित कौशिक के संबंध में भी जानकारी दी गई है। बताया गया कि वह नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

ब्रिटिश महिला मीना गुप्ता भी लापता

नेपाल में आई आपदा के बीच ब्रिटिश नागरिक मीना गुप्ता के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। उनकी तलाश में मदद के लिए धारचूला निवासी और प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष चंचल धामी ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क किया है।

चंचल धामी के अनुसार मीना गुप्ता के भाई संजीवनी गुप्ता पूर्व में धारचूला स्थित एनएचपीसी में कार्यरत थे। मीना गुप्ता हाल में नेपाल ईशा फाउंडेशन के साथ 77 सदस्यीय समूह में गई थीं। उनकी मां से 25 अगस्त को जीरॉन्ग आव्रजन केंद्र से अंतिम बार बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।

उत्तराखंड में मौसम को लेकर भी अलर्ट

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। 29 अगस्त को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में नारंगी चेतावनी, जबकि 30 अगस्त को सभी जिलों में पीली चेतावनी जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून तथा 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में नारंगी चेतावनी जारी की गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी जिलों को परामर्श जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Related Posts