August 27, 2026 7:34 PM

सीएम धामी के प्रस्ताव पर नड्डा की मुहर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज का रास्ता साफ

देहरादून। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक कदम उठाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्तावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार के समक्ष हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत दोनों संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव रखा था। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि दोनों प्रस्तावों को संबंधित विभाग और प्रभाग से परीक्षण के लिए भेजा गया है।

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए प्रदेश में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, पैरामेडिकल कॉलेज के माध्यम से प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को आवश्यक तकनीकी और सहयोगी स्टाफ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार द्वारा दोनों प्रस्तावों के परीक्षण को उत्तराखंड की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।