July 18, 2026 3:51 PM

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उमड़ा छात्रों का सैलाब, राहुल गांधी से संवाद को लेकर दिखा उत्साह, उत्तराखंड समेत कई राज्यों से पहुंचे युवा

देहरादून। राजधानी देहरादून के बन्नू मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों से छात्र पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।

कार्यक्रम में राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही मैदान में छात्रों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दराज से आए विद्यार्थियों ने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपनी उम्मीदें जताईं। कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने कहा कि युवाओं से सीधे संवाद का यह प्रयास उनके लिए महत्वपूर्ण है।

महाराष्ट्र से आए दिव्यांग छात्र संजीत व्हीलचेयर पर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने परास्नातक की पढ़ाई पूरी की है और आगे शोध करना चाहते हैं, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का मनोबल तोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के हितों से जुड़े इस अभियान का समर्थन करने आए हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ता दिगंबर सिंह नेगी ने कहा कि वह वर्ष 2002 से पार्टी से जुड़े हैं और छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं नॉर्थ रेसकोर्स वार्ड के पार्षद वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ है और ऐसे मुद्दों पर खुला संवाद जरूरी है।

वीरेंद्र बिष्ट ने यह भी कहा कि कांग्रेस को परेड ग्राउंड के बजाय बन्नू मैदान में कार्यक्रम आयोजित करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे युवाओं के मुद्दों पर व्यापक जनभागीदारी का संकेत बताया।

Related Posts