July 17, 2026 8:09 PM

प्रधानमंत्री मोदी ने पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को किया समर्पित, सीएम धामी ने कहा — रेलवे विकास से उत्तराखंड को मिलेगी नई रफ्तार

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान दिया गया है, जबकि यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ रेलवे नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण देश को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट दिया है, जबकि प्रदेश में करीब 39,491 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को नई मजबूती देगा।

Related Posts