अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 147 करोड़ रुपये की जागेश्वर मास्टर प्लान परियोजना के तहत धाम का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। परियोजना में मंदिर की प्राचीन गरिमा को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और कन्याओं को प्रसाद वितरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. एस., मंदिर समिति के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।





