June 29, 2026 2:48 PM

जसपाल राणा के बाद मां श्यामा देवी का भी निधन, मुख्यमंत्री धामी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली/देहरादून। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित दिवंगत कोच जसपाल राणा के निधन के महज 16 दिन बाद उनकी माता श्यामा देवी राणा का भी रविवार देर शाम निधन हो गया। वह 78 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका उपचार दिल्ली स्थित रिसर्च एंड रेफरल आर्मी अस्पताल में चल रहा था।

बताया गया कि 12 जून को जसपाल राणा के निधन के बाद श्यामा देवी की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। 16 जून को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। जसपाल राणा का त्रयोदशी संस्कार कुछ दिन पहले ही संपन्न हुआ था। ऐसे में 16 दिनों के भीतर मां-बेटे दोनों के निधन से राणा परिवार गहरे शोक में डूब गया है।

टिहरी गढ़वाल जिले के नैनबाग गांव से संबंध रखने वाला राणा परिवार खेल जगत में विशेष पहचान रखता है। जसपाल राणा के पिता नारायण सिंह राणा द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच और उत्तराखंड के पूर्व खेल मंत्री रह चुके हैं। वहीं उनकी बहन सुषमा राणा का विवाह भाजपा विधायक पंकज सिंह से हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने श्यामा देवी राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी श्यामा देवी राणा के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Posts