May 25, 2026 5:47 PM

खटीमा में सीएम धामी ने 89 लाख की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण, युवाओं और शिक्षा को मिली नई सौगात

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं को नई दिशा देने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लगभग 89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत एवं आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को गति देंगी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। खटीमा में स्थापित “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक पुस्तकालय छात्रों को शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र अक्सर संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। यह लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी, जहां उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts