May 24, 2026 1:33 AM

3 दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

देहरादून: नितिन नवीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा 28 मई से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान वे संगठन और सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष का सादगीपूर्ण स्वागत करने की अपील की है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे।

दौरे के दौरान नितिन नवीन प्रदेश संगठन और सरकार की विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। वे बूथ, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे और जमीनी स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मंत्रियों और प्रदेश नेतृत्व के साथ विकास कार्यों और आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि वे 30 मई को उत्तराखंड दौरा समाप्त कर दिल्ली लौटेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह चुनावी वर्ष पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और हालिया चुनावी सफलताओं से कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है। पार्टी को उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन संगठन को और मजबूत करेगा।