April 16, 2026 12:34 AM

पंतनगर एयरपोर्ट से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए भरी पहली उड़ान, MLA शिव और DM नितिन भदौरिया ने दिखाई हरी झंडी

रुद्रपुर: उत्तराखंड में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू हुई इस सेवा की पहली उड़ान नौकुचियाताल (भीमताल) के लिए रवाना हुई।

इस मौके पर विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर हेली सेवा का शुभारंभ किया। पवन हंस कंपनी द्वारा संचालित इस सेवा से कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर जैसे प्रमुख स्थानों को हेली सेवा से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी, साथ ही नेपाल सीमा और उत्तर प्रदेश से जुड़े इलाकों के लिए भी यह बेहद उपयोगी साबित होगी।

कम समय में प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच
नई हेली सेवा के जरिए अब पर्यटक कम समय में अल्मोड़ा, देहरादून और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इससे पर्यटन उद्योग को नई गति मिलने की संभावना है।

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की तैयारी
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि यह सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को जोड़ने का काम करेगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम और समयबद्ध होगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। विस्तार के बाद यह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी जुड़ सकेगा।

सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से न केवल पर्यटन बल्कि औद्योगिक निवेश और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

Related Posts