देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और जनता से जुड़े सवालों को नजरअंदाज किया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने एक दिन पहले 10 अहम मुद्दों पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा था, लेकिन उन्होंने इन सवालों को पूरी तरह अनदेखा कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन सवालों को “चिमटे से भी नहीं छुआ गया।”
उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना ने सेना में भर्ती का सपना देखने वाले युवाओं की उम्मीदों को तोड़ा है। साथ ही प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब इस मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है।
गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में कई गंभीर आरोप सामने आए, लेकिन सीबीआई जांच की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसके अलावा भर्ती घोटालों और पेपर लीक जैसे मामलों पर भी प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए गए।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस परियोजना से राज्य को वास्तविक लाभ क्या मिलेगा। उन्होंने आशंका जताई कि देहरादून की आंतरिक सड़कों और कमजोर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के कारण आने वाले समय में शहर में ट्रैफिक का भारी दबाव बढ़ सकता है।
गोदियाल ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा से आने वाले पर्यटकों के कारण देहरादून ‘बॉटलनेक’ बन सकता है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार से ठोस ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी करने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान छात्रों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को जबरन मानव श्रृंखला में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि भीड़ जुटाने में सत्ताधारी दल को कठिनाई हो रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति भी कई सवाल खड़े करती है।






