April 15, 2026 4:55 AM

पीएम मोदी के प्रोग्राम को कांग्रेस ने बताया चुनावी दौरा, हरीश रावत ने कसा तंज…

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को चुनावी दौरा बताते हुए तंज कसा है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही इस तरह के कार्यक्रम बढ़ जाते हैं और यह “चुनावी झमेला” है।

हरीश रावत ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को राज्य के लिए सौगात तो बताया, लेकिन इसकी प्लानिंग को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आंतरिक सड़क कनेक्टिविटी में सुधार के बिना यह परियोजना आने वाले समय में दूनवासियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

उन्होंने आशंका जताई कि अगले दो से ढाई वर्षों तक देहरादून में जाम और बॉटलनेक की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां दिल्ली पहुंचने में ढाई घंटे लगने की बात कही जा रही है, वहीं शहर के भीतर ही आवाजाही में कई घंटे लग रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे के साथ बेहतर इंटरनल रोड नेटवर्क जरूरी है, ताकि इसका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए आंतरिक सड़क सुधार के कार्यों को वर्तमान सरकार ने आगे नहीं बढ़ाया।

इसके साथ ही हरीश रावत ने मांग की कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाए।