देहरादून: उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित न करने के निर्णय का तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों और ट्रैवल संगठनों ने स्वागत किया है। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और कपाट खुलने के अवसर पर उन्हें आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को अधिक सुगम और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चारधाम यात्रा से जुड़े संगठनों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय प्रदेश की आस्था, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करेगा। इससे होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिलेगा। प्रतिनिधियों ने यह भी सुझाव दिया कि श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था को निरंतर खुला रखा जाए, जिससे यात्रा और अधिक सुगम हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न तीर्थ पुरोहित संगठनों, होटल एसोसिएशनों और ट्रैवल एजेंसियों के पदाधिकारियों ने सरकार की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संचालित होगी।







