April 3, 2026 4:00 AM

CM धामी की सख्ती का असर “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही, कई अभियुक्त गिरफ्तार…

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

राजपुर फायरिंग मामले में 3 और आरोपी गिरफ्तार
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा शामिल हैं। बताया गया कि बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच पीछा करने के दौरान फायरिंग हुई थी, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

18.5 लाख की डकैती का आरोपी ऋषिकेश से पकड़ा गया
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश लहारे को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया।

एक लाख का इनामी फरार अपराधी भी गिरफ्तार
उड़ीसा के कटक से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

डाकरा बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के साथ मिलकर डाकरा बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान अवैध अतिक्रमण हटाते हुए 20 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही नो पार्किंग में खड़े 8 वाहनों को क्रेन से हटाकर चालान किया गया।

प्रदेशभर में चल रहा सघन चेकिंग अभियान
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। बैरियर और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है। इसके अलावा पीजी, हॉस्टल, होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, देर रात चलने वाले पब-बार और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Posts