चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चंपावत दौरे के दौरान जिले को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने करीब 36.82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही चंपावत मुख्यालय में स्थापित 100 फीट ऊंचे गौरव तिरंगे का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुल 17 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 55.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह साइंस सेंटर प्रदेश में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्तावित चार मंजिला साइंस कैंपस और आधुनिक वैज्ञानिक गैलरियों का भी अवलोकन किया।
साइंस सेंटर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निर्माणाधीन साइंस सेंटर में विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां 40 छात्रों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल, प्रदर्शनी कक्ष, अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी, 120 सीटों का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम बनाया जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नन्हे वैज्ञानिकों से भी बातचीत की और उन्हें विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, रिसर्च और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और पर्यावरणीय मानकों तथा श्रमिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।







