April 1, 2026 3:00 PM

देहरादून में बढ़ती फायरिंग और हुड़दंग की घटनाओं पर सख्त प्रशासन, सीएस आनंद बर्धन ने दिए कड़े निर्देश

देहरादून: राजधानी देहरादून में हाल के दिनों में सामने आई रोड रेज, फायरिंग और गोली लगने से एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत की घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में मुख्य सचिव ने शहर में बढ़ रही हुड़दंग और रोड रेज की घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

पीक ऑवर में बढ़ेगी पुलिस गश्त
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि पीक ऑवर के दौरान विशेष रूप से पेट्रोलिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। इसके साथ ही डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी बढ़ाने को कहा गया है।

साथ ही बार और रेस्टोरेंट के तय समय पर बंद होने के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

वीकेंड पर सख्ती से होगी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने कहा कि वीकेंड के दौरान देहरादून को पार्टी और हुड़दंग का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बार संचालकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और समय पर प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले या अवैध रूप से संचालित बार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

होम स्टे की होगी निगरानी और मैपिंग
शहर और आसपास के इलाकों में संचालित होम स्टे पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी होम स्टे की मैपिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए गए होम स्टे का दुरुपयोग न हो।

किरायेदार और पीजी में रहने वालों का सत्यापन
बैठक में यह भी कहा गया कि दिल्लीदेहरादून एक्सप्रेसवे खुलने के बाद वीकेंड पर शहर में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है।

इसके तहत किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। 📰

Related Posts