March 4, 2026 4:08 PM

लोकभवन में धूमधाम से मनाई गई होली, CM धामी और राज्यपाल ने एक-दूसरे को लगाया गुलाल, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

देहरादून: देहरादून स्थित लोकभवन में होली का पर्व बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह करीब साढ़े दस बजे लोकभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल गुरमीत सिंह को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गुलाल लगाकर बधाई दी और होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में होली का उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का यह पवित्र पर्व रंगों की खुशियां लेकर आता है। उन्होंने कामना की कि रंग और गुलाल की तरह प्रदेशवासियों के जीवन में भी सुख, शांति और समृद्धि आए।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश और देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। यह पर्व हमें प्रेरणा देता है कि हम आने वाले समय में अपने प्रदेश और राष्ट्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करें। इस दौरान कई मंत्री, अधिकारियों के अलावा अन्य लोग भी मौजूद रहे ।

Related Posts