March 2, 2026 4:04 PM

CM धामी ने वन-क्लिक प्रणाली से लाखों पेंशन लाभार्थियों के खाते में भेजे 142 करोड़…

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरवरी 2026 की पेंशन किश्त को वन-क्लिक के माध्यम से जारी किया। इस दौरान राज्य के कुल 9,57,651 लाभार्थियों के खातों में ₹141 करोड़ 91 लाख 61 हजार की धनराशि स्थानांतरित की गई। यह राशि मासिक पेंशन के साथ-साथ एरियर भुगतान को भी शामिल करती है।

रविवार को मुख्यमंत्री आवास में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन प्रकरणों का निस्तारण पूरी तत्परता और समयबद्धता के साथ किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। साथ ही वंचित और कमजोर वर्गों को योजनाओं से जोड़ने के लिए नवाचार आधारित प्रभावी कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत राज्यभर में लगाए गए शिविरों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है, जिससे पेंशनधारकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रखे जाएँ, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुँचे।

बैठक में बताया गया कि फरवरी माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 5,93,184 लाभार्थियों को ₹1500 प्रतिमाह की दर से ₹8897.76 लाख वितरित किए गए। वहीं विधवा पेंशन योजना में 2,31,593 लाभार्थियों को ₹3473.895 लाख, दिव्यांग पेंशन योजना में 87,477 लाभार्थियों को ₹1312.155 लाख की धनराशि प्रदान की गई।

इसके अलावा किसान पेंशन योजना के अंतर्गत 27,638 लाभार्थियों को ₹331.656 लाख, परित्यक्ता पेंशन योजना में 8,096 लाभार्थियों को ₹97.24 लाख तथा भरण-पोषण अनुदान योजना में 7,409 लाभार्थियों को ₹51.86 लाख की धनराशि वितरित की गई। तीलू रौतेली पेंशन योजना के तहत 2,125 लाभार्थियों को ₹25.5 लाख और बौना पेंशन योजना में 129 लाभार्थियों को ₹1.55 लाख की राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के संकल्प की अभिव्यक्ति हैं। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए निरंतर आर्थिक संबल मिलता रहे।

बैठक में सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर सचिव संदीप तिवारी, संजय सिंह टोलिया सहित समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।