April 30, 2026 4:28 PM

कर्ज से होकर परेशान पूरे परिवार ने दे दी जान, पत्नी-बेटे और बेटी के मुंह से निकल रहा था झाग, पति फंदे पर झूलता मिला

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार को एक घर में चार शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला जानकी नगर का है। एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि परिवार किराए से रहता था और तीन महीने पहले ही जयसिंहपुरा से यहां शिफ्ट हुआ था। शुरुआती जांच में यह सुसाइड का मामला लग रहा है।

एक ही परिवार के हैं शव

सूचना के मुताबिक शव एक ही परिवार के मनोज राठौर, पत्नी ममता, उनके बेटे लक्की और बेटी के हैं। एसपी ने बताया कि परिवार मंदिर के पास फूल सामग्री की रेहड़ी लगाता था। पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन लोगों के मुंह से झाग निकल रहा था। जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। मकान मालिक आसाराम ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर मनोज राठौर फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। वहीं, पास में ही उसकी पत्नी ममता और दो बच्चों के शव पड़े हैं।

कर्ज से परेशान था मनोज

ममता की मौसी सुमित्रा शिंदे ने बताया कि ममता की मनोज राठौर से दूसरी शादी थी। उसके दोनों बच्चे पहले पति से हैं और पहले पति से विवाद के बाद ममता अलग रहती थी। ममता और मनोज दोनों का घर आमने-सामने था। पति से अलग रहने के दौरान ही ममता और मनोज के बीच दोस्ती हुई। पांच साल पहले दोनों की शादी हुई थी। रिश्तेदारों द्वारा कई बार समझाने के बाद भी मनोज लगातार कर्ज लेता जा रहा। कितने का कर्ज था ये तो नहीं पता, लेकिन लोग आए दिन अपने पैसे मांगते रहते थे। हो सकता है, उसी से परेशान होकर ही मनोज ने यह कदम उठाया हो।

Related Posts