नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी की निर्मम हत्या को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री ने आप की सरकार और उनके नेताओं की आपराधिक और षडयंत्रकारी चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के भीषण कृत्य पर पार्टी की चुप्पी षडयंत्र करने जैसी है। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान सहित आप नेताओं ने इस घटना पर अभी तक ‘आपराधिक चुप्पी’ बनाए रखी है जबकि निश्चित रूप से यह घटना झकझोर देने वाली है।
अमृतसर में सूरी की नृशंस और बर्बर हत्या की निंदा करते हुए शेखावत ने कहा, यह लोगों में भय की भावना पैदा करने और आतंक फैलाने के लिए की गई करतूत है। शेखावत ने कहा, ‘इससे वास्तव में लोगों में दहशत और डर पैदा हो गया है, जिससे उन्हें वर्ष 1980-90 में पंजाब में आतंक के काले दिनों की याद आ गई है।’

इस हत्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शेखावत ने टिप्पणी की कि, ‘राज्य में सबसे बुरा होने की आशंका थी और वही हुआ है क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए अपने अधिकार और जिम्मेदारी को पूरी तरह से त्याग दिया है”।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, यह न केवल राज्य में शांति भंग करने के उद्देश्य से बल्कि लोगों में भय की भावना पैदा करने के उद्देश्य से टारगेट किलिंग का एक स्पष्ट मामला है, जिसके लिए आप सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि सूरी की हत्या स्पष्ट रूप से राज्य में राष्ट्र विरोधी ताकतों की बढ़ती गतिविधियों और इसके बारे में आप सरकार की चुप्पी के संदर्भ में देखे जाने पर बड़ी योजना का एक हिस्सा है। उन्होंने आप नेतृत्व से कहा, ‘आपकी चुप्पी मिलीभगत के बराबर है और हमारे पास इस पर संदेह करने के वैध कारण हैं।’ इसके अलावा शेखावत ने कहा, कनाडा में बढ़ती भारत विरोधी गतिविधियों को भी इसी संदर्भ में देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा, कनाडा की सरकार को भी इस तरह की हत्याओं पर ध्यान देना चाहिए और उस देश में भारत विरोधी गतिविधियों और प्रचार को बढ़ावा देना बंद करना चाहिए, जिसका भारत में प्रभाव है।







