गोरखपुर: गोलघर में लड़कियों के दो गुट में मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही है। वीडियो में लड़कियां आपस में मारपीट करती हुई दिखाई पड़ रही हैं। करीब 20 मिनट रेस्टोरेंट के सामने इनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और थप्पड़ मारा। फुटेज की मदद से कैंट थाना पुलिस मारपीट करने वाली लड़कियों की तलाश कर रही है। हालांकि, ऐसे किसी वीडियो की जागरण पुष्टि नहीं करता।
गोरखपुर शहर के गोलघर के GDA टॉवर में लड़कियों के दो गुटों में जमकर हुई मारपीट, बाल पकड़कर खींचा- थप्पड़ों की बरसात… @gorakhpurpolice #gorakhpur #GDAtower #VideoViral pic.twitter.com/WveYcYVG8b
— Pragati Chand (@PragatiChand2) February 24, 2023
यह है मामला
घटना गोलघर स्थित जीडीए कांपलेक्स में गुरुवार रात आठ बजे हुई। यहां पर रेस्टोरेंट में लड़कियों के दोनों गुट में अचानक मारपीट शुरू हो गई। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक लड़की दूसरे के बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए किनारे ले जा रही है।उसके सहयोग में एक लड़की डंडा लेकर खड़ी और दूसरी गाली दे रही है। इस दौरान जिस लड़की की पिटाई हो रही है उसे कुछ लड़कियां बचाने का प्रयास करती हैं तो दूसरी लड़की उसको थप्पड़ मारना शुरू कर देती है। रेस्टाेरेंट के बाहर मौजूद 50 से अधिक लोग तमाशा देखने के साथ ही मोबाइल फोन से मारपीट का वीडियाे बना रहे हैं। जीडीए टावर में तैनात होमगार्ड के सूचना देने पर कैंट थाने का सिपाही पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसके सामने लड़कियों के बीच थप्पड़ और घूंसे चलते रहे। काफी समझाने के बाद वह अलग-अलग हुईं।

नहीं पता चली घटना की वजह
दोनों गुट की लड़कियां आपस में मारपीट क्यों कर रही थी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद कैंट थाना पुलिस जांच करने पहुंची। लड़कियां कहां की रहने वाली हैं और क्यों मारपीट कर रही थीं इसकी जानकारी नहीं है। पूछने पर वह कुछ बता नहीं रही थीं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जीडीए टावर में मारपीट लड़कियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो मिला है। कैंट थाना पुलिस को आरोपितों की पहचान करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके पकड़े जाने के बाद ही विवाद की वजह स्पष्ट होगी।







