August 29, 2026 6:12 PM

ब्याह रचाने के लिए साउथ अफ्रीका से भारत लौटा दूल्हा, एयरपोर्ट से लापता ! निकल गई शादी की तारीख…

बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले का एक युवक शादी से पहले ही लापता हो गया. बताया जा रहा है कि युवक साउथ अफ्रीका से 16 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचा था. उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला है. युवक की आज 22 फरवरी को बारात जानी थी. परिजनों ने पूरी तैयारियां कर ली थीं. युवक के परिजनों ने 19 फरवरी को ग्रेटर मुंबई थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार, बाड़मेर के डालबलीसर गांव का निवासी युवक रेंवताराम साउथ अफ्रीका में काम करता था. उसकी 22 फरवरी को शादी होनी थी. शादी के लिए ही रेंवताराम 16 फरवरी को इथोपियन एयरलाइंस से मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था, लेकिन वहां से बाहर निकलने के बाद से उसकी कोई खोज-खबर नहीं है.

2 साल से साउथ अफ्रीका में कर रहा था काम

रेंवताराम पिछले 2 साल से साउथ अफ्रीका में रहकर कामकाज करता था. 22 फरवरी को उसकी बारात जानी थी. इसके लिए वह 16 फरवरी को फ्लाइट से मुंबई पहुंचा था. परिवार के लोगों ने उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई बात नहीं हो सकी. इसके बाद परिजनों ने ग्रेटर मुंबई के थाने में रेंवताराम की गुमशुदगी का केस दर्ज कराया. बाड़मेर पुलिस को भी इस मामले की रिपोर्ट सौंपी गई है.

घर में पिछले एक महीने से चल रही थी शादी की तैयारी

बेटे की शादी के लिए माता-पिता और भाई पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटे थे. वहीं, परिवार के लोगों ने शादी की सारी तैयारियां कर ली थीं. 22 फरवरी को रेंवताराम की बारात जानी थी, लेकिन वह मुंबई एयरपोर्ट लैंड करने के बाद लापता हो गया. इसके बाद से दूल्हा और दुल्हन के परिवार के लोग परेशान हैं. वे दूल्हे की तलाश में जुटे हुए हैं.

Related Posts