December 5, 2025 1:47 PM

लोकसभा चुनाव 2024: 58 सीटों के लिए छठे चरण का मतदान जारी, कहीं मुख्यमंत्री तो कहीं फिल्मी सितारे लड़ रहे चुनाव…देखें सूची

नई दिल्ली लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर छठे चरण का मतदान 25 मई को किया जा रहा है। 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 58 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन 58 सीटों में कुछ सीटें ऐसी हैं जो बेहद हॉटसीट मानी जा रही है। एक तरफ जहां आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ चुनावी मैदान में हैं। वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में हम आपको बताएंगे उन महत्वपूर्ण सीटों के बारे में जिनकी चर्चा जोरों पर है।

करनाल लोकसभा सीट

करनाल लोकसभा सीट से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने खट्टर के खिलाफ दिव्यांशु बुद्धिराजा को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं जजपा से देवेंद्र कादियान इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट

इस सीट से पीडीपी की प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ नैशनल पैंथर्स पार्टी (भीम) ने अर्शीद अहमद लोन को टिकट दिया है।

डुमरियागंज लोकसभा सीट

इस सीट से पूर्व सीएम जगदंबिका पाल चुनावी मैदान में हैं। वहीं बसपा ने नदीम और सपा ने भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

संबलपुर लोकसभा सीट

इस सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने यहां से नागेंद्र कुमार प्रधान और बीजू जनता दल ने प्रणब प्रकाश दास को अपना उम्मीदवार बनाया है।

पुरी लोकसभा सीट

इस सीट से भाजपा ने संबित पात्रा को टिकट दिया है। वहीं बीजेडी ने यहां से अरूप मोहन पटनायक और कांग्रेस ने जयनारायण पटनायक को टिकट दिया है।

सुल्तानपुर लोकसभा सीट

इस सीट से मेनका गांधी चुनावी मैदान में हैं। मेनका गांधी 8 बार लोकसभा चुनाव जीत चुकी हैं। बसपा ने उनके खिलाफ उदराज वर्मा और सपा ने रामभुआल निषाद को उम्मीदवार बनाया है।

आजमगढ़ लोकसभा सीट

इस सीट से भाजपा ने दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं सपा ने धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया है।

कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट

इस सीट से उद्योगपति नवीन जिंदल पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि इससे पहले दो बार कांग्रेस के टिकट पर यहां से वह लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। कांग्रेस ने यहां से सुशील गुप्ता और इनेलो ने अभय सिंह चौटाला को चुनावी मैदान में उतारा है।

रोहतक लोकसभा सीट

इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने यहां से अरविंद शर्मा को टिकट दिया है। जजपा ने रविंद को अपना उम्मीदवार बनाया है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट

इस सीट से भाजपा ने मनोज तिवारी को अपनी उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस-आप की तरफ से कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।

नई दिल्ली लोकसभा सीट

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को पहली बार भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा है। आप ने यहां से सोमनाथ भारती को टिकट दिया है।

सीवान लोकसभा सीट

इस सीट से बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। वहीं राजद ने यहां से अवध बिहारी चौधरी और जदयू ने विजयलक्ष्मी देवी को मैदान में उतारा है।