देहरादून/खटीमा: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा स्थित निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी जमीनों की भी व्यापक जांच की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच तेज की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई करते हुए भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। इसके साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम धामी ने वक्फ संपत्तियों का विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा और जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच की जाए तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चिन्हित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने जनसेवा केंद्रों की जांच करने और अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन अभियान में तेजी लाने को कहा।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून पूर्व समीक्षा बैठकें आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति और तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश बिजली कटौती करनी पड़े तो उसकी पूर्व सूचना स्थानीय स्तर पर आम जनता तक समय रहते पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग करने और श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक पहुंचे, इसके लिए परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाई जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और जोशीमठ पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।






