June 17, 2026 6:10 PM

शिक्षक नेता सोहन सिंह माजिला ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, शिक्षकों की मांगों पर हुई चर्चा

देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व महामंत्री सोहन सिंह माजिला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रदेश के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की पदोन्नति, स्थानांतरण, टीईटी की अनिवार्यता समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

सोहन सिंह माजिला ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उन्होंने नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और देहरादून जनपदों के शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने, स्थानांतरण व्यवस्था को सरल बनाने तथा एलटी संवर्ग में कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी की बाध्यता समाप्त करने की मांग रखी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि शिक्षकों की पदोन्नति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक होने पर अध्यादेश लाया जाए। साथ ही शिक्षा विभाग में अनुरोध आधारित स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने और धारा-27 की लंबित सूची शीघ्र जारी करने की भी मांग की।

माजिला ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर विद्यालयी शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दिए जाने का भी प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इससे शिक्षकों को कैरियर उन्नयन के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीईटी की अनिवार्यता किसी भी शिक्षक की सेवा अथवा पदोन्नति में बाधा नहीं बननी चाहिए और इस संबंध में व्यावहारिक समाधान निकाला जाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षक प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शीघ्र ही शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर सभी प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Posts