July 3, 2026 11:23 PM

देहरादून में नगर निगम की क्विक रिस्पॉन्स टीम’ शुरू, 24 से 48 घंटे में होगा शिकायतों का निस्तारण

देहरादून। शहरवासियों को सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और आवारा पशुओं जैसी समस्याओं से जल्द राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)’ की शुरुआत कर दी है। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने बताया कि शहर के 100 वार्डों को पांच जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन के लिए अलग QRT गठित की गई है। ये टीमें सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशु और बंदरों से जुड़ी शिकायतों का 24 से 48 घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर निस्तारण करेंगी।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। QRT व्यवस्था के माध्यम से शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर निगम जल्द ही QRT के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर भी जारी करेगा, जहां नागरिक कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक टीम में सफाई निरीक्षक, विद्युत कर्मी, प्लंबर और वाहन चालक सहित 6 से 8 सदस्य शामिल किए गए हैं।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे इस नई व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने क्षेत्र की समस्याओं की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Posts