हरिद्वार: हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियां अब धरातल पर तेजी से उतरती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला नियंत्रण भवन पहुंचकर मेले से जुड़े बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की और 234 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 34 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में नए घाटों का निर्माण, सड़क और परिवहन व्यवस्था का विस्तार, पेयजल सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए स्थायी सुविधाओं का विकास शामिल है। सरकार का कहना है कि ये कार्य केवल कुंभ आयोजन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास की मजबूत आधारशिला भी साबित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। तैयारियों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी स्थायी और अस्थायी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की निगरानी स्वयं उनके स्तर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कुंभ का आयोजन करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को भव्य और दिव्य अनुभव देना है, ताकि वे बेहतर व्यवस्थाओं के साथ मां गंगा का आशीर्वाद लेकर लौटें।
कुंभ मेले को लेकर शासन स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकें हो रही हैं। साथ ही अखाड़ों और संत समाज से संवाद स्थापित कर पारंपरिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे आयोजन पूरी गरिमा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।






